महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक लक्ष्मणसिंह राजपुरोहित के निर्देशानुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामतीपुरा रोड स्थित हल्देश्वर मठ में आयोजित नियमित टीकाकरण प्रशिक्षण के दौरान एएनएम (ANM) को बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रबंधक तरूणा दवे ने 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत उपस्थित एएनएम को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने महिला एवं बालिकाओं से जुड़ी विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिनमें लाडो प्रोत्साहन योजना, काली बाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना, काली बाई भील उड़ान योजना और मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना शामिल रहीं। साथ ही तेरे मेरे केंद्र के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई। सखी केंद्र के बारे में बताया कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र, MSSK और OSC (सखी केंद्र) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे एएनएम को जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं तक इन सेवाओं को पहुंचाने में सहयोग मिल सके। प्रशिक्षण में नर्सिंग ट्रेनर अनिता कुमारी, एमटीएस रेखा, आंतिमा, बाल अधिकारिता विभाग से सलाहकार जया खत्री एवं नरेन्द्र कुमार सहित कुल 35 एएनएम उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को बाल विवाह की रोकथाम एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।


