बालोतरा . घायलांे को जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाते हुए। भास्कर न्यूज | बालोतरा नेशनल हाइवे पर मवड़ी सरहद में गुरुवार दोपहर को श्रद्धालुओं से भरी कार का टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। इससे एक युवती की मौत हो गई, वहीं उसके दस वर्षीय भाई को नाहटा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गयाा। हादसे में कुल सात जने चोटिल हुए हैं। हाइवे पर गाड़ी को पलटते देखकर राह से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं निजी वाहन से इन्हें सिवाना के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के बाद सभी घायलों को नाहटा जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की सूचना पर सिवाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं जालोर जिले के केसवना निवासी परिवार सदस्यों को सूचना दी गई। दुर्घटना की जानकारी पर नाहटा अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। अस्पताल पहुंचे परिजन महिला व युवती को ढांढस बंधाते नजर आए। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। जालोर जिले के केसवना निवासी श्रद्धालु परिवार सदस्यों के साथ जसोल मंदिर दर्शन के लिए आ रहे थे। इस दौरान मवड़ी सरहद में कार का टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी खाने के बाद हाइवे से नीचे उतर गई। इससे वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में केसवना निवासी सूरज कुमार दर्जी की पुत्री नीतू (18), हितेश कुमार (17) व तरुण (10), कमलादेवी (50) पत्नी कांतिलाल दर्जी, ममता (21) पुत्री कांतिलाल व पुरुषोत्तम (27) पुत्र रामेश्वरलाल वैष्णव घायल हो गए। वहीं एक महिला व युवती को मामूली चोटें आई। गगन शर्मा ने बताया कि घायलों को 108 एंबुलेंस से सिवाना के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बालोतरा के जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल रेफर करने के दौरान नीतू (18) ने दम तोड़ दिया।


