जिंदा पति के साथ विधवा पेंशन ले रही पत्नी:’मैं जिंदा हूं’ तख्ती लेकर घूम रहा पति; सिंगरौली में साठगांठ कर बनवाया झूठा प्रमाणपत्र

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स खुद को जिंदा साबित करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है क्योंकि कागजों में उसे ‘मृत’ घोषित कर उसकी पत्नी पिछले 12 साल से विधवा पेंशन ले रही है। वहीं, कोर्ट के आदेश पर शख्स अपनी पत्नी को हर महीने 5 हजार रुपए गुजारा भत्ता भी दे रहा है। मामला बैढ़न जनपद के करसोसा गांव का है। यहां के रहने वाले चंद्रबली पटेल इन दिनों अपने गले में “साहब, मैं जिंदा हूं” लिखी तख्ती लटकाकर कलेक्टर और एसडीएम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। पहले जेल भिजवाया, फिर बना दिया ‘स्वर्गीय’
चंद्रबली ने बताया कि उनकी शादी करीब 30 साल पहले अंजोरिया से हुई थी। आपसी विवाद के बाद 2014 में दंपती अलग हो गए। चंद्रबली ने दूसरी शादी कर ली। साल 2014 में अंजोरिया ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया। इसके चलते 2024 में चंद्रबली को जेल जाना पड़ा। पति के जेल जाते ही अंजोरिया ने पंचायत स्तर पर साठगांठ कर खुद को विधवा दिखा दिया और पेंशन स्वीकृत करा ली। इधर, साल 2018 में कोर्ट ने चंद्रबली को आदेश दिया कि वह पहली पत्नी अंजोरिया को 5 हजार रुपए प्रति महीना गुजारा भत्ता दे, जिसका पालन वह आज भी कर रहा है। गुजारा भत्ता देने के लिए जमीन भी बेची
चंद्रबली ने जेल से छूटने के लिए जमीन बेचकर 3 लाख 70 हजार रुपए बतौर गुजारा भत्ता जमा किए, लेकिन इसी दौरान उन्हें पता चला कि अंजोरिया विधवा पेंशन भी ले रही है। साल 2024 से 2026 तक चंद्रबली ने पंचायत से लेकर कलेक्टर की जनसुनवाई तक हर जगह शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर अब गले में “साहब, मैं जिंदा हूं” की तख्ती लटकाकर न्याय की गुहार लगा रहा है। बेटा चाहता है कि मां वापस आ जाए
चंद्रबली और अंजोरिया की तीन संतानें हैं। बड़ा बेटा 20 साल का है, उसके बाद दो बेटियां हैं। बेटा राजकमल चाहता है कि उसकी मां वापस आ जाए। अगर पिता के साथ नहीं रहना चाहती तो बेटे-बेटियों के साथ ही रहे लेकिन अंजोरिया वापस नहीं लौटना चाहती है। दोषियों पर कार्रवाई कर वसूली जाएगी रकम
शिकायत मिलने पर जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने जनपद पंचायत बैढ़न से पूरे मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। सीईओ गोमे का कहना है कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। गलत तरीके से ली गई पूरी राशि की वसूली भी की जाएगी। ये खबर भी पढ़ें… पत्नी बोली- तू मर भी जाएगा तो नहीं आऊंगी नरसिंहपुर में पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने कहा कि पत्नी और उसके मायके वालों ने साफ शब्दों में कह दिया था- “तू मर भी जाएगा तो हम नहीं आएंगे।” पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *