भास्कर न्यूज | सूरजपुर जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शशि सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस में बैठक हुई। इसमें 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को लेकर रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पीसीसी के निर्देश पर जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में दिल्ली कूच करेंगे। बैठक में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के बाद पहली बार पहुंचे जिलाध्यक्ष शशि सिंह का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दिल्ली महारैली और एसआईआर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और जिले से मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की कार्ययोजना तय की। साथ ही आगामी कार्यकर्ता सम्मेलन की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक में जिलाध्यक्ष शशि सिंह के साथ कांग्रेस नेता इस्माईल खान, संजय डोसी, मेहंदी यादव, अनिल गुप्ता, विमलेशदत्त तिवारी, आनंद कुंवर, विमला सिंह और हेमलता राजवाड़े ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील अग्रवाल ने किया और आभार प्रदर्शन परमेश्वर राजवाड़े ने किया। किसानों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए नेताओं ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए जिले के सभी 54 खरीदी केंद्रों में निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। इसके तहत हल्ला बोल कार्यक्रम चलाया जाएगा, ताकि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। बैठक के दौरान कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाते हुए केक काटा। वहीं कांग्रेस नेता इस्माईल खान के बड़े भाई इसराइल खान के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजीव भवन का किया निरीक्षण बैठक के बाद जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कांग्रेस टीम के साथ निर्माणाधीन राजीव भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द ही रुके हुए निर्माण कार्य को फिर प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से राजीव भवन को पूरा कराया जाएगा।


