जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बुधवार को गुड़ामालानी के पीपराली में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हो रहे ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां 16 विभागों की ओर से प्रदान की जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया और सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में सहमति विभाजन, नामांतरण एवं रास्ते खुलवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने तहसीलदार को जमाबंदियों में अशुद्धियों को सही करने के लिए निर्देशित किया। साथ रास्तों के विवादों को भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास अधिकारी को पेंशन सम्बन्धी प्रकरणों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विभागीय योजनाओं में प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया। उनके साथ उपखंड अधिकारी केशव मीना सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने आलमसर में किया शिविर का निरीक्षण इस क्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत ने चौहटन उपखंड के आलमसर में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिन विभागों के अधिकारी इस शिविर में अनुपस्थित थे, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने राजस्व से सम्बन्धित आपसी सहमति विभाजन और रास्तों के प्रकरणों के निस्तारण में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशित किया कि पात्र लोगों को पेंशन का लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उनके साथ उपखंड अधिकारी रणछोड़लाल सोलंकी, तहसीलदार हमीराराम सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बाड़मेर उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर ने कवास में चल रहे समस्या समाधान शिविर का निरीक्षण किया।


