बूंदी में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने आमजन की समस्याओं का निपटारा किया। जनसुनवाई में 25 से अधिक प्रकरण सामने आए, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों की वाजिब समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी विभागों को जनसुनवाई से पूर्व अपने विभाग से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई में विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। ग्राम गुडा नाथावतान में सरकारी हैंडपंप पर अतिक्रमण हटाने, बूंदी नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों से अवैध कब्जे हटाने और नानकपुरिया गांव में गैर खातेदारी से खातेदारी में भूमि दर्ज करने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। आम नागरिकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पट्टा जारी करने, किसान सम्मान निधि का भुगतान, विद्युत कनेक्शन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़ी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर, सीईओ रवि वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवीर मीणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


