जिला पंचायत चुनाव में वोटरों को पैसे बांटते वीडियो वायरल:बलरामपुर में प्रत्याशी के पति का वीडियो सामने आया, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पर आरोप

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के सरना क्षेत्र में जिला पंचायत चुनाव में क्षेत्र क्रमांक 2 से प्रत्याशी बृजकुमारी जायसवाल के पति अशोक जायसवाल पर वोट के ​लिए पैसा बांटने का आरोप लगा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर ग्रामीणों को पैसे बांटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहे अशोक जायसवाल पूर्व में कांग्रेस पार्टी के रघुनाथ नगर ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे अपनी पत्नी बृजकुमारी जायसवाल के चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से पैसा बांटते हुए उनका यह वीडियो सामने आने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आदर्श आचार संहिता के तहत चुनाव प्रचार में मतदाताओं को किसी भी प्रकार का प्रलोभन देना पूर्णतः प्रतिबंधित है। वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है, तो यह चुनाव नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाएगा। प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग ग्रामीणों द्वारा वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद स्थानीय प्रशासन और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठने लगे हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए पैसों के इस्तेमाल की खबरें आने के बाद जनता ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। क्या होगी अगली कार्रवाई इस मामले पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन चुनाव आयोग इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने के लिए जाना जाता है। यदि वीडियो की जांच के बाद पुष्टि होती है कि अशोक जायसवाल ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *