भास्कर न्यूज|कोडरमा पंचायती राज विभाग ने जिला परिषद कार्यालय निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने बताया कि जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2023 में विभाग ने 6 करोड़ 85 लाख रुपए की मंजूरी दी थी। राशि कम होने के कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद 2024 में 8 करोड़ रुपए का पुनरीक्षित प्राक्कलन विभाग को भेजा गया। अब विभाग ने इसे मंजूरी दे दी है। कार्यालय का निर्माण प्लस वन के तहत करीब 1 एकड़ भूमि पर होगा। यह निर्माण एसडीओ कार्यालय परिसर में जिला परिषद को आवंटित पुराने कार्यालय की जगह पर किया जाएगा। पुराने भवन को तोड़कर नया निर्माण शुरू होगा। नए कार्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के लिए अलग-अलग कमरे होंगे। बैठक के लिए बड़ा हॉल और अन्य संरचनाएं भी बनाई जाएंगी। टेंडर की प्रक्रिया मुख्य अभियंता की मंजूरी के बाद शुरू की जाएगी। फिलहाल जिला परिषद कार्यालय का संचालन समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय परिसर से हो रहा है। पुराने भवन के जर्जर होने के कारण कई वर्षों से यहीं से कामकाज चल रहा है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए अलग कमरे और जिला बोर्ड की बैठकें डीसी के सभागार में होती रही हैं। जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने बताया कि झुमरी तिलैया शहर में थाने के पास 30 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। जल्द ही शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह निर्माण प्लस 3 के रूप में किया जाएगा। निर्माण का जिम्मा रांची की संग व्यू टेक प्राइवेट लिमिटेड को निविदा के तहत दिया गया है। कॉम्पलेक्स बनने से रोजगार मिलेगा ।


