भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़ पेंशनर्स समाज जिला शाखा चित्तौड़गढ़ के 23 दिसम्बर को होने वाले 42वें वार्षिक अधिवेशन को लेकर शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान किया। जिला मंत्री गिरीराज प्रसाद शर्मा ने बताया कि शनिवार को पेन्शनर्स समाज भवन परिसर में अधिवेशन के कार्यकर्ताओं व विभिन्न समितियों के संयोजकों की बैठक जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न समितियों के संयोजकों द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष भैरूशंकर व्यास व कार्यालय मंत्री रमेशचंद्र दशोरा ने बताया कि अधिवेशन में 80 वर्ष से अधिक जिले के 385 पेंशनर्स तथा जिला पेंशनर्स समाज को आर्थिक योगदान देने वाले 11 भामाशाहों का अभिनन्दन किया जाएगा। जिला प्रवक्ता मधुसूदन शर्मा ने बताया कि अधिवेशन 23 दिसम्बर सुबह 10 बजे से जिला पेंशनर्स भवन बीएसएनएल कार्यालय के सामने कलेक्ट्री चौराहा में दो सत्रों में होगा। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा ने बताया कि अधिवेशन में सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बडोली, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचन्द कृपलानी, चित्तौड़ विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर व बेंगू विधायक डा सुरेश धाकड़ के साथ ही पूर्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह जाडावत अतिथि होंगे। कोषाध्यक्ष यशवंत दशोरा के अनुसार कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक, एडीएम, जिला कोषाधिकारी, जिले के समस्त उप कोषाधिकारी के साथ ही पेंशनर्स समाज के प्रान्तीय अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक सिह चन्देल व प्रदेश महामंत्री किशन शर्मा, विभिन्न जिला शाखाओं के जिला अध्यक्ष, जिले के विभिन्न उप शाखाओं के अध्यक्ष साथ ही समस्त पेंशनर्स, कई गणमान्य व प्रबुद्धजनों को भी आमंत्रित किया है। तैयारी मीटिंग में योग गुरु व स्वास्थ्य मंत्री सुरेश शर्मा, बूंदीलाल मेहता, गोपालकृष्ण राठी, लक्ष्मीलाल सेवरिया, सत्यनारायण ओझा, राजकुमार दशोरा, दिनेशचंद्र शर्मा उपस्थित थे।


