भास्कर न्यूज | अमृतसर भाजपा शहरी जिलाध्यक्ष एवं डिस्ट्रिक्ट रेसलिंग फेडरेशन के उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने की मांग की है। साथ ही गोलबाग स्थित जर्जर कुश्ती स्टेडियम के जीर्णोद्धार की भी मांग उठाई। उन्होंने बताया कि अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन होता है, जो दिल्ली-अमृतसर रूट पर चलती है। इस ट्रेन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट व एस्केलेटर की सुविधा न होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को सीढ़ियों से आवागमन करना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि गुरुनगरी के पुराने शहर को पुतलीघर व छेहर्टा जैसे रेलवे लाइन के पार बसे इलाकों से जोड़ने के लिए वर्ष 1905 में रिगो ब्रिज का निर्माण किया गया था, जिसकी मियाद 1955 में पूरी हो चुकी थी। पिछले कई दशकों में इसके समुचित विकास की ओर ध्यान नहीं दिया गया।


