सूरजपुर में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सम्मान किया गया। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने छात्रों से उनकी परीक्षा तैयारी और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में सेजेस बतरा की कुमकुम राजवाड़े, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर के अभिषेक कुमार यादव और कंदरई की ज्योति साहू शामिल हैं। इसके साथ ही कक्षा 10वीं में ग्लोबल पब्लिक स्कूल सूरजपुर के आयुष कुमार और स्वयम थवाईत, सेजेस नवापारा के सतीश सिंह, सरस्वती हायर सेकेंडरी के मो. अम्बर खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा श्यामनगर की आस्था राजवाड़े और सेजेस भैयाथान के आराध्या गुप्ता, प्रिन्सी गुप्ता और अनुराग गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश नंदनी साहू, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, विभिन्न क्षेत्रों के एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


