सिवनी जिले में रेलवे सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर नगर मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह रंहगडाले और दक्षिण नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे ने सिवनी-बालाघाट सांसद भारती पारधी और सिवनी-मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसदों को एक मांग पत्र सौंपा। यह मांग पत्र आगामी प्री-बजट, राज्य बजट और मार्च माह में प्रस्तुत होने वाले केंद्रीय बजट को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि सिवनी-बालाघाट-मंडला संसदीय क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। यात्रियों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और सामाजिक गतिविधियों का भी तेजी से विकास हो रहा है, जिससे रेलवे सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता बन गया है। मांग पत्र में प्रमुख रूप से छिंदवाड़ा जंक्शन से नैनपुर जंक्शन तक रेलवे लाइन के दोहरीकरण की मांग की गई है, ताकि ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सके और आवागमन सुगम हो। इसके साथ ही बरघाट रोड रेलवे क्रॉसिंग और छिंदवाड़ा रोड रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता भी बताई गई है, जिससे यातायात जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से आमजन को राहत मिल सके। इसके अलावा, जबलपुर से लखनऊ जाने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस का संचालन सिवनी होते हुए किए जाने की मांग रखी गई। ज्ञापन में बताया गया कि यह ट्रेन वर्तमान में जबलपुर स्टेशन पर लगभग 15 घंटे तक खड़ी रहती है। इस समय का सदुपयोग करते हुए सिवनी और आसपास के जिलों को उत्तर भारत से सीधा रेल संपर्क दिया जा सकता है। पातालकोट एक्सप्रेस और पंचवटी एक्सप्रेस में एसी कोचों की संख्या बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है, जिससे बढ़ते पर्यटन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैतूल-सिवनी ट्रेन (क्रमांक 58830) को नैनपुर तक विस्तारित करने तथा भोमा, पलारी और केवलारी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। वहीं, नैनपुर से मुंबई जाने वाली सतपुड़ा एक्सप्रेस का संचालन नैनपुर से प्रारंभ करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। भाजपा नगर अध्यक्षों ने सांसदों से आग्रह किया है कि वे इन मांगों को लेकर रेल मंत्रालय से आवश्यक चर्चा करें और शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित कराएं, ताकि सिवनी, बालाघाट और मंडला क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।


