डीग जिले में लगातार बढ़ रही शीतलहर और ठंड के प्रकोप को देखते हुए जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए 14 जनवरी का अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय मौसम विभाग के पूर्वानुमान और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी की मांग के आधार पर लिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को ठंड से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाना है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू होगा। विद्यालयों के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी पूर्ववत उपस्थित रहेंगे। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होती रहेंगी। जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। यदि अवकाश अवधि के दौरान किसी स्कूल में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थी पाए जाते हैं, तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें।


