भास्कर न्यूज | इटखोरी झारखंड में 24×7 आपातकालीन 108 एम्बुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को नवम्बर एवं दिसम्बर 2025 का वेतन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। यह स्थिति तब है, जब क्रिसमस एवं नववर्ष जैसे महत्वपूर्ण पर्व भी बीत चुके हैं। इससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसकी जानकारी देते हुए कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि फरवरी 2025 से 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन सम्मान फाउंडेशन संस्था द्वारा किया जा रहा है, लेकिन कर्मचारियों को लगातार अनियमित एवं विलंब से वेतन भुगतान किया जा रहा है। 22 दिसम्बर 2025 को सरकार एवं संघ के साथ हुई संयुक्त बैठक में संस्था के प्रतिनिधि द्वारा एक सप्ताह के भीतर वेतन भुगतान का आश्वासन दिया गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सरकारी कर्मियों को क्रिसमस पर्व से पूर्व वेतन भुगतान सुनिश्चित किया गया, लेकिन जीवनरक्षक 108 एम्बुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारी इस सुविधा से वंचित रह गए। यह स्थिति न केवल भेदभावपूर्ण है, बल्कि श्रम कानूनों एवं संवैधानिक समानता के सिद्धांतों का भी उल्लंघन है। वेतन लंबित रहने के कारण कर्मचारियों के बच्चों की स्कूल फीस, बैंक/फाइनेंस लोन, मकान किराया एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना असंभव हो गया है, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है।


