भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिले में टीबी बीमारी की रोकथाम करने चलाए जा रहे 100 दिवसीय निक्षय निरामय जांच एवं इलाज अभियान की प्रगति की कलेक्टर ने समीक्षा की। साथ ही टीबी बीमारी के संबंध में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। टीबी मुक्त राजनांदगांव के लिए शपथ दिलाई गई। विश्व क्षय दिवस पर नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने सुबह 9 बजे टीबी रोग की रोकथाम करने जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से प्रमुख मार्गो से होकर टीबी रोग के उन्मूलन का संदेश दिया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं सीएमएचओ के निर्देशानुसार विश्व क्षय रोग दिवस मनाया गया। उक्त आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष किरण साहू, शैंकी बग्गा सभापति स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति निगम डॉ. यूके चंद्रवंशी सिविल सर्जन जिला अस्पताल, डॉ. अल्पना लुनिया जिला क्षय अधिकारी, संदीप ताम्रकार डीपीएम की उपस्थिति रही। विश्व क्षय दिवस पर सीएमएचओ कार्यालय में 8 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीबी जांच कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रतिबद्धता, राजनांदगांव को टीबी मुक्त जिला बनाने के लिए शपथ दिलाई गई टीबी बीमारी की रोकथाम करने उपस्थित जनसामान्य से सहयोग करने का अनुरोध किया। संदीप ताम्रकार डीपीएम ने टीबी मुक्त राजनांदगांव की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में डॉ. अल्पना लुनिया ने प्रस्तुतीकरण से जिले के उन्मूलन के संबंध में जानकारी प्रदान की। किरण वैष्णव ने टीबी रोग उन्मूलन के लिए जन प्रतिनिधियों एवं जनसामान्य का ज्यादा से ज्यादा सहयोग लेने एवं शासन द्वारा टीबी रोगियों उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर योजनाओं का लाभ टीबी मरीजों को प्रदाय करने कहा।


