डीडवाना में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान जिले में पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम स्तरीय जल एवं स्वच्छता समितियों के कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिले में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, जल आकलन और जल अर्पण दिवस के आयोजन को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डॉ. खड़गावत ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई करने और अवैध कनेक्शन करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के भी सख्त निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहन लाल खटनावलिया, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


