जिले में महिला मतदाताओं की संख्या छह फीसदी बढ़ी:27 हजार नए मतदाता जुड़े, कुल मतदाता संख्या हुई 14 लाख 38 हजार 819

जिले में 1 जनवरी 2025 के संदर्भ में मतदाता सूचियों का 7 जनवरी को अंतिम प्रकाशन किया गया। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी नवीनतम दिशा निर्देश, निर्वाचन गतिविधियों की जानकारी, सूचनाएं प्रदान करने, मतदाता सूचियों की प्रदायगी के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलेक्टर) कानाराम की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने बताया कि इस अवधि में जिले में सभी बीएलओ व निर्वाचन की पूरी टीम ने काफी अच्छा काम किया। इस अवधि के दौरान करीब 27 हजार नए मतदाता जुड़े। अब जिले में कुल मतदाता संख्या 14 लाख 38 हजार 819 हो गई है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम था विशेषकर नोहर और भादरा में, वहां महिला अनुपात में करीब 6 प्रतिशत का सुधार आया है। इसी तरह ईपी रेश्यो में भी करीब 13 प्रतिशत का सुधार आया है। राज्य सरकार के बेंचमार्क के अनुसार वोटर लिस्ट को दुरुस्त कर उसे पूर्ण किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ने का सबसे बड़ा कारण यह भी है कि बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जितने भी स्कूल-कॉलेज हैं, जहां अध्ययनरत बच्चे 18 साल की आयु पूर्ण करने वाले हैं, उन सबको तो वोट बनवाने के लिए जागरूक करें। साथ ही साथ अन्य राज्यों से शादी कर यहां आई महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर ध्यान दें। इसके लिए विवाह पंजीयन का डाटा भी इस्तेमाल किया गया। बीएलओ ने डोर-टू-डोर जाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करवाया। अन्य विभागों का भी प्रचार-प्रसार में सहयोग रहा। एक सवाल के जवाब में जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने कहा कि बीएलओ कार्य के लिए सभी विभागों के कार्मिकों को समानांतर रूप से लगाने का प्रयास किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *