भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘विशेष गहन पुनरीक्षण-2026’ अभियान के अंतिम चरण की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों (ईआरओ) सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्राधिकार में फील्ड विजिट कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा की और कार्य निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी ने भाग संख्या 73, 74 और 75 का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्यरत बीएलओ द्वारा संकलित प्रपत्रों और ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति का जायजा लिया। इसी क्रम में नगर ईआरओ ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर डिजिटलाइजेशन कार्य की भौतिक प्रगति का सत्यापन किया और शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण अभियान के तहत उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कुम्हेर ने भाग संख्या 100 और 111 का दौरा कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ को घर-घर सर्वे में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, विकास अधिकारी (बीडीओ) डीग ने भाग संख्या 203 और 204 (बेढ़म) का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की समीक्षा की। शिक्षा विभाग और तहसीलदार की निगरानी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) ने भाग संख्या 06, 09, 14, 20 एवं 21 का सघन निरीक्षण किया। इसी क्रम में तहसीलदार डीग ने भाग संख्या 52, 53 एवं 55 पर पहुंचकर बीएलओ की प्रगति की मॉनिटरिंग की। उन्होंने कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे तकनीकी पहलुओं का ध्यान रखते हुए डाटा की शुद्धता बनाए रखें। कामां में तहसीलदार ने किया जन-संवाद तहसीलदार कामां ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत क्षेत्र का दौरा कर गणना प्रपत्रों के संकलन और डिजिटलाइजेशन की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया और बीएलओ का सहयोग करने की अपील की। कार्य के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने कार्मिकों को निर्देशित किया कि यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। अतः सभी कार्मिक अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और पूर्ण गंभीरता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशासन ने कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने और निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में प्राप्त करने पर विशेष बल दिया।


