जिले में सीजन की पहली मावठ फसलों के लिए अमृत रात का तापमान 5 डिग्री गिरा, शीतलहर से ठिठुरन बढ़ी

भास्कर संवाददाता | दौसा जिले में शुक्रवार कई जगह मावठ हुई। बारिश रबी फसलों के लिए फायदेमंद है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं बारिश से सर्दी का असर बढ़ गया। सर्द हवा चलने से शीतलहर का असर रहा। सुबह हल्का कोहरा भी छाया। पिछले साल 4 दिसंबर को बारिश हुई थी। दौसा शहर में दोपहर करीब 3 बजे हल्की बारिश हुई। देर शाम तक रुक-रुककर तेज बारिश हुई। जिले में कई जगह बारिश हुई। बारिश से सर्दी बढ़ गई। कहीं तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। मावठ रबी की फसलों के लिए अमृत के समान है। कई जगह अच्छी बारिश होने से एक सिंचाई की बचत हो सकेगी। इससे किसानों को हजारों रुपए का फायदा होगा। सुबह से ही बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने से सर्दी का असर रहा। शुक्रवार को अधिकतम 21 व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सैल्सियस रहा। शनिवार को रात के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम 21 व न्यूनतम 10 डिग्री तापमान रहने की संभावना है। जबकि, 29 दिसंबर को रात का तापमान 8 डिग्री व 30 दिसंबर को 7 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश से सरसों, चना, जौ, गेहूं आदि फसलों में फायदा होगा। गौरतलब है कि इस बार जिले में 35 हजार 250 हैक्टेयर में चना व 50 हजार 845 हैक्टेयर में सरसों की बुवाई हुई है। बारिश से असिंचित सरसों व चना की फसल की पैदावार बढ़ सकेगी। किसानों को रबी फसल की अच्छी पैदावार की उम्मीद है। कृषि अधिकारी (फसल) धर्म सिंह गुर्जर का कहना है कि मावठ रबी फसल के लिए फायदेमंद हैं। इससे फसल की बढ़वार अच्छी होगी। बारानी असिंचित क्षेत्र में सरसों व चना की फसल में यह बारिश अमृत के समान है। पैदावार बढ़ेगी। किसानों ने बताया कि इससे चेंपा रोग भी नहीं लगेगा। हल्का कोहरा छाया: शुक्रवार को हुई बारिश से सर्दी का असर बढ़ गया। हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। दिनभर बादल छाए रहे। कोहरे का असर दिखने लगा है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। शनिवार को रात का तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश होने से सर्दी का असर बढ़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *