भास्कर न्यूज | बालोद जिले के 2 लाख 33 हजार 600 राशन कार्डधारी परिवारों को जून में एक साथ तीन माह का चावल मिलेगा। जून के लिए चावल का भंडारण शुरू हो चुका है। जिला खाद्य अधिकारी टीआर ठाकुर ने बताया कि ई-पॉश मशीन में संबंधित हितग्राही को 3 बार अंगूठा लगाना अनिवार्य है। तीन माह की अलग-अलग ऑनलाइन एंट्री होगी। अभी जून का भंडारण चल रहा है। जुलाई व अगस्त का भी भंडारण होगा। चावल रखने जहां पर्याप्त जगह नहीं होगा, वहां परिस्थिति अनुसार खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। बीपीएल परिवारों को फ्री में निर्धारित मात्रा में चावल मिलेगा। वहीं एपीएल को 10 रुपए देना पड़ेगा। जिले में दो लाख से ज्यादा बीपीएल परिवारों के पास राशन कार्ड है। 28 से 30 हजार एपीएल श्रेणी में है। हर माह नया राशन कार्ड बनाने से लेकर नाम जुड़वाने, हटवाने, संशोधन को लेकर आवेदन आ रहें है। ऐसे में आंकड़े आगे घटते-बढ़ते क्रम पर रह सकता है। जिले में 474 राशन दुकान है। जहां ई-पॉश मशीन के जरिए राशन वितरण होगा। इसके अलावा अगर किसी हितग्राही का ई-केवाईसी नहीं हो पाया है तो वह यह प्रक्रिया करवा सकते है। पहले राशन दुकानों में केवल फोटोग्राफी के आधार पर राशन दिया जाता था, लेकिन इसे अपडेट करते हुए राशन के लिए फिंगरप्रिंट को अनिवार्य कर दिया गया है। इस तरह अब हितग्राही या परिवार के सदस्य का नाम राशन कार्ड में जुड़ा है तो फिंगरप्रिंट के मदद से राशन ले सकता है। जिस तरह पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है, उसी तरह राशन के लिए भी किया गया है। ई -पॉस मशीन में पहले से हितग्राहियांे के रिकॉर्ड अपलोड है।


