खंडवा में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती ने जिस प्रेमी के लिए अपना घर छोड़ दिया, वह शादीशुदा निकला। मामले का खुलासा तब हुआ, जब युवती अपने प्रेमी के साथ उसी के घर में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इसी दौरान मायके गई प्रेमी की पत्नी वापस लौट आई। वह अपने साथ एक बच्चे को भी लाई, जो प्रेमी का ही था। प्रेमी के घर में उसकी पत्नी और बच्चे को देखकर युवती ने विरोध जताया। इस पर प्रेमी ने कबूल किया कि उसने प्रेम जाल में फंसाने के लिए झूठ बोला था कि वह अविवाहित है। युवती ने जब कहा कि वह एक शादीशुदा शख्स के साथ शादी नहीं कर सकती, तो प्रेमी ने कहा- ‘मुझे तुमसे कोई परेशानी नहीं है, लेकिन मैं दूसरी शादी के लिए अपनी पहली पत्नी और बच्चे को नहीं छोड़ सकता।’ बस में बैठाकर वापस भेजा, घर आकर बताई आपबीती इस बात को लेकर युवती और उसके प्रेमी के बीच काफी कहासुनी हुई। बाद में प्रेमी ने उसे खंडवा जाने वाली बस में बैठा दिया। युवती अपने घर लौटी और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामला थाना छैगांवमाखन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली देशगांव चौकी के एक आदिवासी बहुल गांव का है। आदिवासी समाज की 28 वर्षीय युवती ने केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 12वीं तक पढ़ी-लिखी है और एक संपन्न परिवार से आती है। वह बुरहानपुर जिले के खकनार निवासी लवलेश पिता सुनील महाजन के झांसे में आ गई थी। लवलेश ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह उसी से शादी करेगा और इसी झांसे में रखकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोपी बैंक में एजेंट, 3 साल पहले की थी लव मैरिज पीड़िता ने बताया कि आरोपी लवलेश महाजन ने खुद को एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करना बताया था। वह बैंक में एजेंट का काम करता है। लवलेश शादीशुदा था, इस बात से युवती बिल्कुल अनजान थी। बाद में पता चला कि उसने एक आदिवासी युवती से ही लव मैरिज की है, जो उसकी दूर की रिश्तेदार है। लवलेश की शादी को तीन साल हो चुके हैं और उसका एक बेटा भी है। ननिहाल में हुई थी दोस्ती युवती ने बताया कि खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र के एक गांव में उसका ननिहाल है। करीब 7-8 महीने पहले वहां मामा के घर शादी का एक कार्यक्रम था, जहां लवलेश से उसकी मुलाकात हुई थी। लवलेश ओबीसी समाज से आता है, इसलिए युवती को यह महसूस नहीं हुआ कि वह उस कार्यक्रम में बतौर रिश्तेदार शामिल हुआ था। बातचीत के दौरान दोनों ने नंबर एक्सचेंज किए और बातें होने लगीं। दोनों में प्यार हुआ और बात शादी तक पहुंच गई। 9 दिन साथ रही, पत्नी के आने पर लौटी युवती ने बताया कि घटना 7 दिसंबर की है। घर से भागने की प्लानिंग पहले से थी। शादी लवलेश से होनी थी, इसलिए वह लगातार संपर्क में थी। उस रात 10:30 बजे लवलेश उसके गांव आया। वह घर से निकली और बाइक पर बैठकर उसके साथ बुरहानपुर चली गई। वहां वह 17 दिसंबर की दोपहर 12 बजे तक रही। जब उसकी पत्नी और बच्चा मायके से वापस आए, तब राज खुला कि वह शादीशुदा है। 9 दिन साथ रहने के बाद वह सीधे अपने घर आ गई और उसी दिन थाने जाकर एफआईआर कराई। पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरफ्तारी बाकी छैगांवमाखन टीआई विक्रम धार्वे ने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला शादी का झांसा देकर रेप से जुड़ा है, इसलिए इन्हीं धाराओं में एफआईआर की गई है। आज कोर्ट में युवती के बयान होने हैं। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी होना बाकी है, उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।


