भास्कर न्यूज| रायगड़ा अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत रायगड़ा शहर के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान तैयार करने के लिए गुरुवार को एक अंशधारक (स्टेकहोल्डर) कार्यशाला आयोजित की गई। यह बैठक ओडिशा नगर योजना निदेशालय तथा ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के संयुक्त सहयोग से सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी आशुतोष कुलकर्णी रायगड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में वर्ष 2051 तक शहर की भविष्य दृष्टि को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान पर विस्तृत चर्चा की गई। इस मास्टर प्लान का मुख्य उद्देश्य समन्वित भूमि उपयोग तथा आधारभूत संरचना की सुव्यवस्थित योजना के माध्यम से शहर में संतुलित शहरी विकास को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही औद्योगिक, वाणिज्यिक एवं सेवा क्षेत्र में विकास के जरिए आर्थिक अवसरों में वृद्धि करना तथा शहरवासियों के लिए मूलभूत सेवाओं और सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी प्रमुख लक्ष्य है। मास्टर प्लान तैयार करने हेतु शहर के सभी विभागों से आवश्यक डेटा एवं सूचनाएं एकत्र की गईं। उपस्थित अंशधारकों ने रायगड़ा शहर के समग्र विकास के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें मास्टर प्लान में समुचित रूप से शामिल किए जाने की बात कही गई।


