जीआरपी आरक्षक ने सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान:महाकाल दर्शन को आए श्रद्धालु की स्टेशन पर बिगड़ी तबीयत,घबराहट के बाद अचेत होकर गिर पड़ा था यात्री

महाकाल मंदिर दर्शन करने उज्जैन आए एक श्रद्धालु की रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर तैनात जीआरपी के आरक्षक ने गोल्डन टाइम में सीपीआर देकर यात्री की जान बचाई। इसका वीडियो अब सामने आया है। यह घटना 1 दिसंबर की है। महाकाल दर्शन के चलते स्टेशन पर भारी भीड़ थी। इसी दौरान जीआरपी के प्रधान आरक्षक पवन धुर्वे प्लेटफार्म नंबर 5 और 6 के बीच ड्यूटी पर तैनात थे। तभी प्लेटफार्म पर खड़ी उज्जैयनी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14309) के आगमन के दौरान एक यात्री देवी सिंह पिता रामचंद्र उम्र 30 वर्ष निवासी ब्यावरा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को घबराहट होने लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों को आशंका हुई कि उसे दिल का दौरा पड़ा है। गोल्डन आवर में CPR देकर बचाई जान स्टेशन पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में प्रधान आरक्षक पवन धुर्वे ने गोल्डन आवर का महत्व समझते हुए मौके पर ही सीपीआर देना शुरू किया। कुछ देर तक लगातार सीपीआर देने के बाद यात्री की हालत में सुधार आया और उसे होश आने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरक्षक पवन धुर्वे यात्री को सीपीआर देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यात्री के परिजन भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग पीछे से मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका भी जता रहे हैं। आरक्षक को मिलेगा सम्मान घटना को लेकर जीआरपी थाना प्रभारी अमित भावसार ने बताया कि आरक्षक ने तत्परता दिखाते हुए सीपीआर देकर यात्री की जान बचाई है। इस सराहनीय कार्य को देखते हुए एसपी द्वारा आरक्षक को सम्मानित और पुरस्कृत किए जाने के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *