जीआरपी हेड कॉन्स्टेबल ने सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान:उज्जैन स्टेशन पर बेहोश होकर गिर पड़ा था; एसपी करेंगे आरक्षक का सम्मान

महाकाल मंदिर दर्शन करने उज्जैन आए एक श्रद्धालु की रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर तैनात जीआरपी के आरक्षक ने गोल्डन टाइम में सीपीआर देकर यात्री की जान बचाई। इसका वीडियो अब सामने आया है। घटना 1 जनवरी की है। स्टेशन पर महाकाल दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान जीआरपी के प्रधान आरक्षक पवन धुर्वे प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच ड्यूटी पर तैनात थे। तभी प्लेटफॉर्म पर खड़ी उज्जैयनी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14309) के आगमन के दौरान यात्री देवी सिंह (30) निवासी ब्यावरा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को घबराहट होने लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों को आशंका हुई कि उसे अटैक आया है। तस्वीरों में पूरा घटनाक्रम… गोल्डन आवर में CPR देकर बचाई जान
स्टेशन पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में हेड कॉन्स्टेबल पवन धुर्वे ने मौके पर ही सीपीआर देना शुरू किया। ये यात्री की जान बचाने के लिए गोल्डन आवर था। कुछ देर तक लगातार सीपीआर देने के बाद यात्री की हालत में सुधार आया और उसे होश आने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धुर्वे यात्री को सीपीआर देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यात्री के परिजन भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग पीछे से मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका भी जता रहे हैं। प्रधान आरक्षक को मिलेगा सम्मान
घटना को लेकर जीआरपी थाना प्रभारी अमित भावसार ने बताया कि आरक्षक ने तत्परता दिखाते हुए सीपीआर देकर यात्री की जान बचाई है। इस सराहनीय कार्य को देखते हुए एसपी द्वारा आरक्षक को सम्मानित और पुरस्कृत किए जाने के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *