जीएनडीएच के जनऔषधि केंद्र में पहुंचीं सर्जरी दवाएं

भास्कर न्यूज़ | अमृतसर गुरु नानक देव अस्पताल (जीएनडीएच) के जनऔषधि केंद्र में आखिरकार सर्जरी विभाग की दवाएं पहुंच गई हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अगले कुछ दिनों में इंजेक्शन और अन्य जरूरी सप्लाई भी उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने से राहत मिलेगी। जीएनडीएच के एमएस डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि पहले सिर्फ मेडिसिन विभाग की जैनरिक दवाएं ही जनऔष​धि केंद्र पर उपलब्ध थीं। मगर अब सर्जरी के दौरान ओटी में उपयोग होने वाली और पोस्ट सर्जरी में जरूरी दवाएं भी यहां मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर इंजेक्शन की सप्लाई भी पहुंच जाएगी। इससे मरीजों को कम दाम पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिलेंगी और इलाज का खर्च काफी घट जाएगा। एसएस डॉ. सिंह ने कहा कि इसके लिए पहले ही सर्जरी विभाग के सभी वार्ड इंचार्ज डॉक्टरों से आवश्यक दवाओं और उपकरणों की सूची मंगवाई थी। उसी आधार पर लुधियाना स्थित वेयरहाउस से स्टॉक मंगवाया गया है। गौरतलब है कि जीएनडीएच में रोजाना 800 से 900 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। वहीं कैंसर, आर्थोपेडिक और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीज भी यहां इलाज कराते हैं। अस्पताल में रोजाना औसतन 60 मेजर और 85 माइनर ऑपरेशन किए जाते हैं। ऐसे में सर्जिकल दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। हालांकि दवाओं की सप्लाई शुरू हुई है, लेकिन अभी भी सेडेटिव (दर्द निवारक) दवाओं का लाइसेंस जनऔषधि केंद्र को नहीं मिला है। ऐसे में मरीजों को इन्हें बाहर से खरीदना पड़ रहा है। वहीं हार्ट, स्किन और अन्य दवाओं की उपलब्धता में भी कमी बनी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *