भास्कर न्यूज | अमृतसर केंद्र सरकार सस्ती और क्वालिटी की दवा देने के िलए जीएनडीएच में हॉस्पिटल सर्विसेज कंसल्टेंसी कॉरपोरेशन (एचएससीसी) सेंटर खोलना चाहती है। सेंटर 5 नवंबर 2025 में शुरू होना था, जो आज तक शुरू नहीं हो पाया। अब कोर्ट केस से देरी बढ़ा दी है । केस के बाद कंपनी ने स्टाफ की भर्ती रोक दी है, जबकि सेंटर के िलए जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर इमरजेंसी वार्ड के पास 2 माह से तैयार है। अस्पताल के बाहर स्थित निजी केमिस्टों की यूनियन ने कोर्ट केस दायर किया है। यूनियन ने सेंटर की टेंडर प्रक्रिया में खामियां बताते हुए याचिका दायर की है। यूनियन का कहना है कि वे 40 से 45 साल से यहां पर काम कर रहे हैं। यहां 60 दुकानें हैं। जहां पर एक हजार मुलाजिम काम करते हैं। एचएससीसी सेंटर खोले जाने वाले उनके रोजगार पर चोट पहुंचेगी। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. कर्मजीत सिंह का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को कोर्ट की ओर से केंद्र खोलने से मना नहीं किया गया है, क्योंकि प्रबंधन अस्पताल में अपनी दवाइयों की दुकान खोल सकता है। जिन कंपनियों से दवाएं और इंप्लांट इत्यादि की खरीद की जानी हैं, उसके टेंडर भी कंपनी की ओर से जारी किए जा चुके हैं। चूंकि कोर्ट में चल रहे केस की अगली तारीख 17 मई 2025 को है। इसलिए कंपनी ने इस दिन होने वाली सुनवाई के कारण इस केंद्र में रखे जाने वाले स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया है। भाई का उपचार कराने पहुंची अमरजीत कौर ने कहा कि महंगी दवाओं के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मरीजों का बजट बढ़ जाता है इसलिए एचएससीसी केंद्र को तुरंत खोला जाना चाहिए। सुल्तानविंड रोड के दलजीत सिंह ने कहा कि उक्त केंद्र खुलने से जहां मरीजों को सस्ती और बढ़िया दवाएं मिलेंगी। वहीं अस्पताल के बाहर दुकानों पर जाकर होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी। मकबूलपुरा निवासी बलबीर सिंह का कहना है कि मरीज के साथ आने वाले अटेंडेंट को दवा लाने अस्पताल के बाहर स्थित केमिस्ट शॉप पर जाकर धक्के खाने पड़ते हैं। इतना ही नहीं, वहां दवा भी महंगी मिलती है। रिश्तेदार के घुटने का ऑपरेशन कराने पहुंचे बाज सिंह का कहना है कि आयुष्मान कार्ड पर दवाएं तो मुफ्त मिलती है मगर अस्पताल की ओर से चिन्हित उन दुकानों से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। दूसरी तरफ जीएनडीएच में दवाओं की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। मरीजों की सुविधा के लिए जीएनडीएच में जनऔषधि केंद्र और रोगी कल्याण समिति की ओर से दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लेकिन मरीजों को पूरी दवाएं नहीं मिलती। इस कारण मरीजों को निजी दुकानों से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। एचएससीसी सेंटर में न सिर्फ मेडिसिन बल्कि सर्जिकल और कार्डिक इंप्लांट आदि सबकुछ सस्ता मिलेगा । इसी तरह आर्थो, कार्डियक, आंखों, इएनटी, न्यूरो सर्जरी और कैंसर के साथ-साथ गायनी और बच्चा वार्ड में दाखिल मरीजों के लिए भी दवाएं उपलब्ध कराई जानी है। वहीं मरीजों और अटेंडेंट्स का कहना है कि उक्त केंद्र को आम जनता की बेहतरी के लिए जल्द खोलना चाहिए।


