भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ऑफिसर्स एसोसिएशन के चुनावों में यूनिवर्सिटी ऑफिसर्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूओडीएफ) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सभी 11 पदों पर कब्जा जमा लिया। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि यूनिवर्सिटी के अधिकारी वर्ग में यूओडीएफ को व्यापक और मजबूत समर्थन प्राप्त है। इस एकतरफा जीत के बाद कैंपस में उत्साह का माहौल देखा गया। रिटर्निंग ऑफिसर प्रो. डॉ. अमनदीप सिंह द्वारा घोषित आधिकारिक नतीजों के अनुसार उड़ता बाज चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरी यूओडीएफ पैनल ने गुलाब का फूल चुनाव चिन्ह वाली डीओएफ को हर पद पर भारी अंतर से पराजित किया। मतदान के दौरान अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में अधिकारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में यूओडीएफ के उम्मीदवार मनप्रीत सिंह ने 73 वोट हासिल कऱ डीओएफ के अमन कुमार को 42 वोटों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर जसपाल सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 वोट प्राप्त किए और अपनी प्रतिद्वंद्वी साधना को 31 वोटों पर सीमित रखा। सेक्रेटरी पद पर संदीप सूद ने 65 वोटों के साथ जीत दर्ज की, जबकि ज्वाईंट सेक्रेटरी पद पर स्वर्णजीत सिंह ने 80 वोटों के साथ बड़ी जीत हासिल की। कैशियर पद के लिए हुए चुनाव में रोहित भाटिया ने 75 वोट लेकर राकेश कुमार शर्मा 39 को पराजित किया। कार्यकारिणी सदस्य पदों पर भी यूओडीएफ का दबदबा रहा। अजय अरोड़ा को 70, शमा को 69, सुरिंदर सिंह घुम्मन को 75, नितेश दत्ता को 74, प्रवीन कुमार को 69 और मोहित बेदी को सर्वाधिक 78 वोट मिले। सभी पदों पर यूओडीएफ प्रत्याशियों की जीत ने इसे चुनाव का क्लीन स्वीप बना दिया। परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। यूओडीएफ टीम के संयोजक सर्बजीत सिंह सोखी ने सभी यूनिवर्सिटी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत अधिकारियों के विश्वास और एकता का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई टीम अधिकारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।


