जीएसटी अधिकारियों की कार दुर्घटनाग्रस्त:बाइक सवार को मारी टक्कर, सतना से बैढ़न जा रहे थे अफसर

सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सतना से सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न ऑडिट के लिए आ रहे जीएसटी अधिकारियों की सियाज कार और एक बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार 30 वर्षीय राम सिंह गोंड गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा झोंकों गोपद पुल के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि सियाज कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक भी बुरी तरह टूट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल बाइक चालक को तत्काल उपचार के लिए सीधी जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल बाइक चालक राम सिंह गोंड बैसहिया थाना क्षेत्र के बहरी निवासी हैं। कार में सवार जीएसटी अधिकारी और चालक इस हादसे में सुरक्षित बच गए। उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है। सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की तेज गति को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से नेशनल हाईवे पर गति नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *