जीएसटी 2.0 के सुधारों को लेकर खैरथल में बैठक:22 से 29 सितंबर तक मनेगा जीएसटी बचत उत्सव, आमजन को मिलेगा लाभ

देश में लागू हुए जीएसटी 2.0 सुधारों को आमजन तक पहुंचाने के लिए सोमवार को जिला कलेक्टर ने जीएसटी अधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 22 से 29 सितम्बर तक ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को जागरूक किया जाएगा कि नई जीएसटी स्लैब से उनकी जेब पर बोझ कम होगा और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कलेक्टर ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा किए गए इस ऐतिहासिक सुधार से ‘रोटी, कपड़ा और मकान’ जैसी आधारभूत आवश्यकताओं पर खर्च घटेगा। उन्होंने अपील की कि आमजन व व्यापारी इस उत्सव में भाग लें और जीएसटी बचत से जुड़ी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने व्यापारियों और उद्योग संगठनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जीएसटी स्लैब में बदलाव से गरीब,किसान,महिला,दुकानदार और व्यापारी सभी वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यह सुधार ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा।जाट ने कहा कि उद्योग संगठन अब देश में ही उत्पादन को बढ़ावा दें और आमजन गर्व से स्वदेशी वस्तुओं की खरीद करें। बैठक में व्यापारियों ने भी अपने सुझाव दिए। प्रमुख रूप से सरसों की जींस पर 5% जीएसटी हटाने की मांग उठी। व्यापारियों ने कहा कि सरसों से बने तेल,खल व बिनौला पर पहले से ही टैक्स लिया जाता है।यदि जिन्स पर कर खत्म किया जाए तो किसानों को सीधा फायदा होगा और कृषि क्षेत्र को बल मिलेगा। बैठक में व्यापारियों व उद्योग संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सुधार व्यापारियों व उपभोक्ताओं दोनों के लिए लाभकारी है। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन वाणिज्य कर विभाग निशि रानी,संयुक्त आयुक्त भिवाड़ी रितु यादव,उपायुक्त भिवाड़ी रूबी खत्री, उपायुक्त खैरथल अविनाश महर्षि सहित जिलेभर के अधिकारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। बैठक के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने जनप्रतिनिधियों के साथ खैरथल मार्केट में पैदल यात्रा निकाली।उन्होंने आमजन को नए जीएसटी सुधारों की जानकारी दी और बताया कि इन बदलावों से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी। रोटी,कपड़ा और मकान जैसी आवश्यक वस्तुएं अब पहले से सस्ती होंगी, जिससे हर वर्ग को राहत मिलेगी। पैदल यात्रा में उपसभापति वरुण डाटा,मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा,पार्षद अंकित चौधरी,सचिन नटराजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *