गुना जिले के बजरंगगढ़ इलाके में कुएं में मिले अशोकनगर के युवक के शव मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। युवक की हत्या उसके साले ने ही की थी। आरोपी ने पहले जीजा को शराब पिलाई, फिर सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह यह थी कि जीजा अपनी पत्नी (आरोपी की बहन) को परेशान करता था। अशोकनगर जिले के पहाड़ा गांव निवासी देवेंद्र अहिरवार (26) की शादी 6 साल पहले गुना के बजरंगगढ़ में भुरिया बाई से हुई थी। उनकी एक बेटी भी है। देवेंद्र 14 नवंबर को गांव से पत्नी को लेने ससुराल (बजरंगगढ़) गया था। 16 नवंबर की सुबह बजरंगगढ़ की मरघट शाला के पास कुएं में उसका शव उतराता मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा था।। भाई ने जताई थी हत्या की आशंका देवेंद्र के भाई ने बताया कि 15 नवंबर को फोन न लगने पर भाभी (मृतक की पत्नी) को कॉल किया। उसने बताया कि देवेंद्र रात 10 बजे से लापता है। परिवार वालों ने सवाल उठाया कि लापता होने की सूचना उन्हें क्यों नहीं दी गई। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। पीएम रिपोर्ट में सिर में चोट, खुली पोल एसपी अंकित सोनी के निर्देश पर हुई जांच और पीएम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि देवेंद्र अपनी पत्नी को परेशान करता था। इसी बात को लेकर 13 नवंबर को शराब पीने के दौरान उसका साले विजय अहिरवार (33) से विवाद हुआ। गुस्से में विजय ने देवेंद्र के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव कुएं में फेंक दिया। आरोन भागने की फिराक में था आरोपी पुलिस ने आरोपी विजय अहिरवार निवासी माता मोहल्ला, बजरंगगढ़ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए आरोन भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया


