जीजा ने रिश्तेदारों संग की साले की हत्या:बड़वानी की चिन्दी घाटी में मिली थी लाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

बड़वानी जिले की राजपुर पुलिस ने चिन्दी घाटी में हुए अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक करमसिंह उर्फ धरमसिंह के पिता और जीजा सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। आरोपियों ने 15,000 रुपए के लेन-देन और छेड़छाड़ के विवाद में हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को फरियादिया जुखलीबाई ने राजपुर थाने में अपने पति करमसिंह के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जुखलीबाई ने बताया था कि करमसिंह 24 दिसंबर 2025 को मजदूरी के लिए गए थे और वापस नहीं लौटे। इस पर गुम इंसान क्रमांक 124/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, 2 जनवरी 2026 को गुमशुदा करमसिंह का शव चिन्दी घाटी में सड़क किनारे एक पुलिया के पाइप के अंदर मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ। इसके बाद राजपुर थाने में अपराध क्रमांक 05/2026, धारा 103(1), 238(बी) बी.एन.एस. के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। अंधे कत्ल की गंभीरता को देखते हुए, राजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह बामनिया को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एस.डी.ओ.पी. राजपुर महेश सुनैया के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और वैज्ञानिक, मनोवैज्ञानिक तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान किया। अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 24 दिसंबर 2025 को मृतक करमसिंह अपने जीजा सीताराम, सोबु उर्फ शोभाराम, भाया उर्फ भायराम, राधेश्याम और अपने पिता सोमारिया के साथ था। संदेह के आधार पर इन सभी से पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन गहन पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 15,000 रुपये के लेन-देन और छेड़छाड़ की एक घटना को लेकर करमसिंह की हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत, 24 दिसंबर 2025 को करमसिंह को घाघरखेड़ा बुलाया गया। रात करीब 8-9 बजे उसे चिन्दी घाटी मंदिर के पीछे जंगल में ले जाकर पत्थर और चाकू से निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पुलिया के पाइप में छिपा दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद कुछ आरोपी मजदूरी के लिए महाराष्ट्र फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने उन्हें महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटर साइकिल जब्त कर ली गई है। इस मामले में आगे की जांच जारी है। ये हैं आरोपी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *