जीवनसाथी मेट्रीमोनियल एप पर पसंद आए युवक ने की ठगी:पिता के हार्ट अटैक का बहाना बनाया, शिक्षिका से 2.29 लाख लिए; अपराध दर्ज

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जीवनसाथी मेट्रीमोनियल एप के जरिए शादी का झांसा देकर साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर गुंडरदेही थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार किरंदुल (जिला दंतेवाड़ा) निवासी 29 वर्षीय शिक्षिका जो वर्तमान में बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित एक शासकीय प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षिका के पद पर पदस्थ है। उसने जीवनसाथी मेट्रीमोनियल एप पर एक युवक से दोस्ती की थी। युवक ने शादी का झांसा देकर शिक्षिका के परिजनों के बीच विश्वास स्थापित किया। फिर अपने पिता को हार्ट अटैक का बहाना बता कर 2 लाख 29 हजार 450 रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि खुद को सिद्धार्थ आडवानी बताने वाले युवक ने मोबाइल नंबर के माध्यम से उससे संपर्क किया था। बातचीत से पहले उसने विश्वास जीता। फिर अपने पिता को हार्ट अटैक आने और इलाज के लिए पैसों की जरूरत का हवाला देते हुए फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 29 हजार 450 रुपए की रकम ट्रांसफर करवा ली। आरोपी ने 3 मई को पीड़िता और उसके परिजनों से मिलने का वादा किया था। लेकिन उसी दिन रात करीब 8 बजे के बाद उसने सभी प्रकार का संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। मामले में अब थाना गुंडरदेही में BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर फ्रॉड से जुड़े मोबाइल नंबरों, डिजिटल लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *