जीवन अमूल्य है, यातायात नियमों का पालन करें: जायसवाल

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले में महीने भर से चल रहे सड़क सुरक्षा अभियान का समापन मानस भवन में समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल थे, जबकि अध्यक्षता विधायक भइयालाल राजवाड़े ने की। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और एसपी रवि कुर्रे सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह से पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्वयं कुमार चौक से आयोजित हेलमेट बाइक रैली में शामिल हुए। उन्होंने संदेश दिया कि जीवन अमूल्य है और इसकी सुरक्षा के लिए हेलमेट अनिवार्य है। मंत्री ने कहा कि एक माह तक नुक्कड़ नाटकों और गुलाब के फूल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया, अब जिम्मेदारी जनता की है कि वे नियमों को अपनाएं। विधायक भइयालाल राजवाड़े ने एक सख्त और नवाचारी सुझाव देते हुए कहा कि वाहन बेचते समय ही खरीदार से लाइसेंस और नियमों की जानकारी पूछी जानी चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि वे इस संबंध में विधानसभा में संकल्प पत्र के माध्यम से प्रस्ताव लाने का प्रयास करेंगे। एसपी रवि कुर्रे ने माह भर की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। एक माह में 1491 प्रकरण दर्ज कर 5.92 लाख रुपए का समन शुल्क वसूला गया। (पूरे वर्ष की वसूली 65 लाख रुपए रही)। नियमों के उल्लंघन पर 495 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को सिफारिश भेजी गई है। जनवरी माह में जब पूरा प्रशासन लोगों को जागरूक करने में जुटा था, उसी दौरान जिले में सड़क हादसों में 20 लोगों ने अपनी जान गंवाई। यह आंकड़ा बताता है कि केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि व्यक्तिगत सावधानी से ही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, महापौर राम नरेश राय, नपाध्यक्ष नविता शिवहरे (बैकुंठपुर), अरुण जायसवाल (शिवपुर-चरचा) और भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *