झालावाड़ पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगधार क्षेत्र से 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय जयपुर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एडिशनल एसपी चिरंजीलाल मीना के निर्देशन और डिप्टी एसपी जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थानाधिकारी अमरनाथ जोगी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। गंगधार में एक खेत पर बने कमरे के बाहर चबूतरे पर जुआ खेलते हुए महेश नायक, सुरेश शर्मा, राजेश मेहर, राहुल पंजाबी और मुकेश राठौर तेली को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 39 हजार 400 रुपए नकद और जुआ खेलने के उपकरण जब्त किए गए। पुलिस टीम में एएसआई मगनलाल, विनोद कुमार, बृजेश कुमार, राकेश कुमार, सोमवीर, रघुवीर सिंह और भीकम सिंह शामिल रहे। एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, शराब और हथियारों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ आरपीजीओ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


