जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में 22 नवंबर को दीपक सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना के नामजद आरोपी सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सरदार और रॉकी मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने दीपक सिंह को डराने के उद्देश्य से गोली चलाई थी। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि सन्नी सिंह 22 नवंबर को ही जेल से रिहा हुआ था। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। सन्नी सिंह का आरोप था कि जब वह जेल में बंद था, तब दीपक कुमार ने उसकी कोई आर्थिक मदद नहीं की थी। इसी बात को लेकर उस पर फायरिंग की गई। रॉकी मिश्रा पर भी पहले से एक मामला दर्ज है। उसने सन्नी सिंह के साथ मिलकर उसी दिन इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


