भास्कर न्यूज | जशपुरनगर स्वच्छता रैंकिंग में जशपुर को स्टार रैंकिंग दिलाने के लिए सफाई का काम जोरों पर चल रहा है। पालिका सीएमओ के बाद अब नगर पालिका प्रशासक भी इसके प्रति गंभीर नजर आ रहे हैं। पालिका प्रशासक व जशपुर एसडीएम ओंकार यादव ने गुरूवार की सुबह सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय के साथ शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी यदि गीला व सूखा कचरा अलग-अलग कर नहीं देता है, तो उसका चिह्नांकन कर जुर्माने की कार्रवाई की जाए। सुबह वे शहर के बस स्टैंड पहुंचे। यहां सड़क साफ सुथरी मिली। रात के वक्त स्वच्छता कमांडो पूरे शहर की सड़कों की सफाई करते हैं। इसके बाद वे मुख्य सड़क से होते हुए बाला साहब देशपांडेय पार्क पहुंचे। जहां कुछ लोग योग कर रहे थे तो कुछ टहल रहे थे। एसडीएम ने पार्क की देखरेख करने वाले पार्क में सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। यादव ने कहा कि इतनी सफाई के बाद यदि कोई व्यक्ति दुकान व मकान का कचरा खुले में फेंकता है, या फिर सुबह दुकान की सफाई के बाद निकले कचरे को सड़क किनारे फेंक देता है, तो उसकी पहचान कर उसपर कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी सभी की है। सुबह के वक्त कचरा कलेक्शन करने वाली महिलाएं भी दिखीं। जिस पर यादव ने कहा कि आवश्यक रूप से गीला और सूखा कचरा को अलग-अलग कलेक्ट करें और शत-प्रतिशत कचरों का निपटान करें।


