जुलाई में औसतन 377.4 मिमी बारिश, इस साल छह फीसदी ज्यादा की संभावना

डॉ. जीके दास- मौसम विशेषज्ञ राजधानी रायपुर में इस साल जुलाई में औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। जुलाई महीने के 31 दिनों में औसतन 377.4 मिमी बारिश होती है। वहीं इस साल 106 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। यानी महीनेभर में 400 मिमी के आसपास पानी गिर सकता है। प्रदेश में मानसून सक्रिय है और लगातार बारिश की गतिविधियां जारी हैं। यही कारण है कि जुलाई के पहले दिन से प्रदेशभर में बारिश हो रही है। अगले चार-पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं पर भारी वर्षा भी हो सकती है। जुलाई में होने वाली अच्छी और सरप्लस बारिश से जून की कमी भी पूरी हो सकती है, क्योंकि जून में बारिश कम हुई थी। अच्छी बारिश के कारण जुलाई के महीने में ज्यादातर समय मौसम ठंडा रहेगा। दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। वैसे जुलाई में अधिकतम तापमान का औसत 31.3 डिग्री है। इस साल भी तापमान इसी के आसपास या इससे थोड़ा कम रह सकता है। इस दौरान प्रदेश में मानसून की सक्रियता अधिक रहेगी। बारिश की मात्रा भी ज्यादा रहेगी। जुलाई मौसम सारांश 1. सबसे ज्यादा मासिक बारिश 988.8 मिमी, 1884
2. 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश- 272.2 मिमी, 14 जुलाई 2009
3. सबसे अधिकतम तापमान – 41.2 डिग्री, 1 जुलाई 1987
4. सबसे कम न्यूनतम तापमान – 17.1 डिग्री,8 जुलाई 1988 एक-दो बार भारी बारिश
जुलाई महीने में राजधानी रायपुर में 24 घंटे के दौरान कई बार भारी बारिश की स्थिति बन जाती है। पिछले दस साल में कुछ वर्षों को छोड़कर लगातार एक-दो बार भारी बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 2016 में एक दिन में 92.3 मिमी बारिश हुई थी। 2023 में भी 91.5 मिमी पानी गिरा था। 2015, 2017, 2020 में क्रमश: 44.4, 28.4 और 38.9 मिमी बारिश हुई। यह भारी बारिश से कम है। 64.5 मिमी से अधिक बारिश को भारी बारिश की श्रेणी में रखा जाता है। जुलाई में औसतन 14.4 दिन बारिश वाले होते हैं। बादल गरजने वाले दिनों की संख्या 3.3 है। इस पूरे सप्ताह अच्छी बारिश
प्रदेश में मानसून सक्रिय है। समुद्र से आ रही नम हवा के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है। अगले सप्ताहभर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। राजधानी रायपुर और पूरे जिले में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होगी। रायपुर संभाग के गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद जिले में एक-दो बार मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद भी पहले पखवाड़े तक मानसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। इस दौरान अच्छी बारिश होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *