जुलाई 2025 से ग्रांट जारी नहीं, जीएनडीयू और पीयू के कॉलेज आर्थिक संकट से जूझ रहे : छीना

नॉन-गवर्नमेंट एडेड कॉलेज मैनेजमेंट फेडरेशन ने पंजाब सरकार द्वारा लंबे समय से ग्रांट जारी न किए जाने के विरोध में 12 दिसंबर को दिड़बा (पटियाला) में होने वाली पीसीसीटीयू की प्रस्तावित रैली का पूर्ण समर्थन करने का फैसला किया है। इस निर्णय के तहत राज्य भर के सभी एडेड कॉलेज 12 दिसंबर को बंद रहेंगे। इस संबंध में फेडरेशन की एक इमरजेंसी मीटिंग खालसा कॉलेज गवर्निंग काउंसिल में हुई। फेडरेशन के अध्यक्ष राजिंदर मोहन सिंह छीना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जुलाई 2025 के बाद से कॉलेजों की ग्रांट जारी नहीं की गई है, जिसके चलते गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला से संबद्ध कॉलेज गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के विधानसभा क्षेत्र दिड़बा में होने वाली इस रोष रैली में भाग लेने और समर्थन देने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। साथ ही उन्होंने तीनों यूनिवर्सिटियों के कुलपतियों से आग्रह किया कि यदि इस दिन कोई परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो उन्हें स्थगित किया जाए। बैठक के दौरान एडेड कॉलेजों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित विभाग कॉलेजों के महत्वपूर्ण मुद्दों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके कारण आज लगभग सभी एडेड कॉलेज वित्तीय संकट से गुजर रहे हैं और महीनों से अनुदान जारी नहीं हो रहा है। इस मौके पर फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी एसएम शर्मा, एडवाइजर रविंदर जोशी, एग्जीक्यूटिव मेंबर गुरविंदर सिंह सरना, पवित्र पाल सिंह, खालसा कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के ज्वाइंट सेक्रेटरी अजमेर सिंह हेर के अलावा डॉ. महल सिंह, डॉ. खुशविंदर कुमार, प्रदीप मेहरा और अंडर सेक्रेटरी डीएस रटौल सहित कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *