जालंधर| हॉकी इंडिया द्वारा एक से 12 अगस्त तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में आयोजित होने वाली 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के लिए पंजाब महिला जूनियर हॉकी टीम का चयन ट्रायल शनिवार 19 जुलाई सुबह 8 बजे ओलिंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होंगे। हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और महासचिव अमरीक सिंह पुआर ने बताया कि एक जनवरी 2006 के बाद जन्मे पंजाब के खिलाड़ी इन चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। इस दौरान खिलाड़ियों को अपने आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लानी होगी। बिना वैध आधार कार्ड के किसी भी खिलाड़ी को चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों के लिए एक कोचिंग शिविर भी आयोजित किया जाएगा।


