टीकाराम जूली के मंदिर जाने पर पूर्व भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा के गंगाजल से धोने को लेकर सियासी विवाद हो गया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे अपमानजनक बताया है। इस कांग्रेस ने बीजेपी को दलित विरोधी बताते हुए पार्टी पर सवाल उठाए हैं। बता दें कि बीजेपी नेता ज्ञानदेव आहूजा ने जूली के राम मंदिर जाने पर कहा था कि टीकाराम जूली हिंदू विरोधी हैं। वो करणी माता मंदिर गए और श्रीराम मंदिर भी गए। अब उनके जाने के बाद मैं जाऊंगा और इनके जो अपवित्र पैर पड़ेंगे वहां, हाथ लगेंगे मूर्तियों को, वहां गंगाजल छिड़कर कर भगवन श्री राम का पूजन करूंगा। इसके अगले दिन आहूजा का गंगाजल छिड़कते हुए वीडियो सामने आया था। इसी वीडियो और बयान को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। डोटासरा ने ट्वीट कर जताई आपत्ति कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा- अलवर में प्रभु श्रीरामजी के जिस मंदिर में कल नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली जी गए थे, आज भाजपा ने उस मंदिर में गंगाजल छिड़का है। टीकाराम जूल के लिए भाजपा के पूर्व विधायक ज्ञानदेव का अपमानजनक बयान और घृणित कृत्य अत्यंत निंदनीय है। दलित हो, किसान हो, महिला हो, मजदूर हो, भाजपा इनसे इतनी नफरत क्यों करती है? समय आने पर राजस्थान की जनता भाजपा की इस घृणित मानसिकता का करारा जवाब देगी। जूली बोले- मैं दलित, इसलिए बीजेपी नेता ने मंदिर गंगाजल से धुलवाने की बात कही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस बयान को लेकर बीजेपी पर पलटवार किया है। जूली ने एक्स पर लिखा- बीजेपी नेता ज्ञानदेव आहूजा के बयान भाजपा की दलितों के प्रति मानसिकता का परिचायक है। मैंने विधानसभा में दलितों की आवाज उठाते हुए छुआछूत के विरुद्ध अभियान चलाने की बात कही थी पर भाजपा की मानसिकता ये है कि वो मेरे दलित होने के कारण मंदिर जाने पर गंगाजल से मंदिर धुलवाने की बात कह रहे हैं। यह न सिर्फ मेरी व्यक्तिगत आस्था पर हमला है बल्कि छुआछूत जैसे अपराध को बढ़ावा देने वाला बयान है। जूली ने लिखा- क्या भाजपा दलितों से इतनी नफरत करती है कि हमें पूजा पाठ करते भी नहीं देख सकती है? क्या भगवान पर केवल भाजपा नेताओं का अधिकार हो गया है? मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वो दलितों के मंदिर जाने पर गंगाजल से मंदिर धुलवाने के बयान का समर्थन करते हैं? जूली बोले- विपक्ष के नेताओं पर झूठे केस कर रही सरकार , सीएम पुलिस का इस्तेमाल विपक्ष को डराने,दबाने के लिए कर रहे, हम डरने वाले नहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी नेता विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज करने के मुद्दे पर भी सरकार पर पलटवार किया। जूली ने एक्स पर लिखा- प्रदेश में भाजपा सरकार जनता के मुख्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विपक्ष पर झूठे केस दर्ज कर रही है। मुख्यमंत्री अपनी पुलिस का इस्तेमाल विपक्ष को डराने और दबाने के लिए कर रहे हैं। मुख्यमंत्री प्रदेश की कानून व्यवस्था सुधारने पर कब ध्यान देंगे? बोले- अपने साथियों की जांच कब करवाएंगे जूली ने कहा- मुख्यमंत्री जी, आपके अनेकों साथियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें राजद्रोह, हत्या, आपराधिक साजिश, राजकार्य में बाधा और महिलाओं की गरिमा भंग करने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। अपने साथियों की निष्पक्ष जांच कब करवा रहे हैं? सत्य और संघर्ष की ये लड़ाई जारी रहेगी। जूली ने कहा- किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने के जुर्म में, 24 जून 2024 को कोटा में शांतिपूर्ण धरने पर भाजपा सरकार ने झूठी FIR दर्ज करवाई। आज उसी झूठी FIR के सिलसिले में उदयपुर स्थित CID-CB कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ मैंने अपने बयान दर्ज कराए। जूली ने कहा- कांग्रेस का हर कार्यकर्ता बब्बर शेर है, भाजपा के झूठे मुकदमों और धमकियों से नहीं डरता है। कांग्रेस का कार्यकर्त्ता राहुल गांधी के सिपाही हैं, ये भी राहुल जी की तरह भाजपा से न डरेंगे, न झुकेंगे। हम सब मिलकर भाजपा से लड़ेंगे और डटकर मुकाबला करेंगे और जीतेंगे।


