नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी की गई जेईई-मेन अप्रैल सेशन की फाइनल आंसर की में 11 सवालों के जवाबों में बदलाव किया गया है। कॅरियर इंस्टीट्यूट के एक्सपर्ट्स के अनुसार एनटीए द्वारा जारी की गई आंसर-की का अध्ययन करने के बाद 11 सवालों के जवाब बदले हुए मिले हैं। इसमें एक सवाल को ड्रॉप किया गया है। जिसके बोनस अंक दिए जाएंगे। वहीं 4 सवालों के जवाबों में दो-दो विकल्प लिए गए हैं। इसके साथ ही 6 सवाल ऐसे हैं जिनके जवाब बदले गए हैं। एक सवाल को ड्रॉप किया एलन के निदेशक डॉ.बृजेश माहेश्वरी ने बताया कि अध्ययन के अनुसार 3 अप्रैल को मॉर्निंग शिफ्ट में हुई परीक्षा में फीजिक्स के एक सवाल को ड्रॉप किया गया है। इसके साथ 3 अप्रैल को ही इवनिंग शिफ्ट के मैथ्स के पेपर व 4 अप्रैल के मॉर्निग शिफ्ट के फिजिक्स के दो सवालों और 8 अप्रैल इवनिंग शिफ्ट के केमेस्ट्री पेपर के एक सवाल में दो-दो आंसर दिए गए हैं। इसी तरह 2 अप्रैल मॉर्निंग शिफ्ट में मैथ्स, 3 अप्रैल मॉर्निंग शिफ्ट में फिजिक्स और केमेस्ट्री, 4 अप्रैल को इवनिंग शिफ्ट में फिजिक्स, 7 अप्रैल को मॉर्निंग शिफ्ट में मैथ्स और फिजिक्स के एक-एक सवाल के जवाब बदले गए हैं।


