जयपुर में 4 से 6 जनवरी तक सीतापुरा के जेईसीसी में राजस्थान डिजिफेस्ट और टाई ग्लोबल समिट का आयोजन होने जा रहा है। इसमें देश-विदेश के इंडस्ट्रियलिस्ट, इन्वेस्टर्स, इनोवेटर्स और स्टार्टअप बड़ी संख्या में शामिल होंगे। करीब 30 देशों के 200 से ज्यादा स्टार्टअप अपने आइडिया पेश करेंगे। तीन दिन तक टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और नए बिजनेस मॉडल पर कई सत्र होंगे। सरकार और टाई राजस्थान इस बड़े आयोजन की तैयारियों में लगातार काम कर रहे हैं। आयोजन के दौरान नई AI पॉलिसी लॉन्च करने की भी तैयारी है। इससे स्टार्टअप्स के लिए 200 करोड़ रुपये से ज्यादा फंडिंग मिलने की उम्मीद है। स्टार्टअप और इनोवेशन को मिलेगा मजबूत मंच ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन महावीर प्रताप शर्मा ने बताया कि यह समिट राजस्थान में स्टार्टअप और इनोवेशन को मजबूत करने वाला बड़ा प्लेटफॉर्म बनेगा। पहली बार जयपुर जैसे टियर-2 शहर में इतने बड़े स्तर का ग्लोबल इवेंट हो रहा है, जिसका फायदा राजस्थान के साथ देशभर के युवा उद्यमियों को मिलेगा। टाई राजस्थान की प्रेसिडेंट डॉ. शीनू झंवर ने कहा कि पूरे साल तैयारी चलने के बाद अब आयोजन अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि यह समिट युवा टैलेंट को टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। इसके साथ ही राजस्थान की संस्कृति और मेहमाननवाजी से भी विदेशी मेहमानों को रूबरू कराया जाएगा। नई AI पॉलिसी हो सकती है लॉन्च ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन ने बताया- डिजिफेस्ट–टीजीएस 2026 के दौरान राज्य सरकार नई AI पॉलिसी लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके साथ ही इनोवेशन और टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने वाली कई नई योजनाओं की घोषणा भी हो सकती है। इनमें AI फोकस्ड स्टार्टअप्स के लिए फंडिंग सपोर्ट और इंटरनेशनल कोलैबरेशन बढ़ाने जैसी पहलें शामिल होंगी। सरकारी टीम और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट इन योजनाओं पर काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार और टाई राजस्थान के बीच समझौता टाई राजस्थान की प्रेसिडेंट डॉ. शीनू झंवर ने बताया- समिट के लिए मध्यप्रदेश सरकार और टाई राजस्थान के बीच समझौता किया गया है। एमपी सरकार की ओर से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे और टाई राजस्थान की प्रेसिडेंट डॉ. शीनू झंवर ने एमओयू पर साइन किए। संजय दुबे ने बताया कि यह आयोजन दोनों राज्यों में युवा स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देगा। एमपी सरकार आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग करेगी। इंटरनेशनल स्पीकर्स की लिस्ट जारी आयोजन के लिए इंटरनेशनल और नेशनल स्पीकर्स की लिस्ट जारी कर दी गई है। इसमें दुनिया भर के ऐसे लोग शामिल हैं जो टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, स्टार्टअप, फाइनेंस, गेमिंग, फिल्म और डिजाइन जैसी इंडस्ट्री में अपना बड़ा योगदान दे चुके हैं। इनके अनुभव का फायदा राजस्थान और देशभर के युवा इनोवेटर्स को मिलेगा। लिस्ट में इंटरनेशनल इनोवेशन स्ट्रैटेजिस्ट एलेक्स ऑस्टरवाल्डर, ग्रैमी अवॉर्ड विनर और पर्यावरणविद् रिकी केज, आर्थिक नीति विशेषज्ञ प्रमोद भसीन, ग्लोबल एआई विजनरी श्रीकांत वेलामकन्नी, बीजेपी के विदेश मामलों के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले जैसे नाम शामिल हैं। इसके साथ इंडियन कॉमिक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अजीतेश शर्मा, शिपिंग शिप्रोकेट के सीईओ अक्षय गुलाटी, कारदेखो ग्रुप के को-फाउंडर अमित जैन, वीथ्री वेंचर्स के कॉ-फाउंडर अर्जुन वैद्य, इन्फोटेक सॉफ्टवेयर के एमडी आशीम पाटिल, द कन्वर्जेंस फाउंडेशन के सीईओ आशीष धवन, क्रिएटिव टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट आशीष कुलकर्णी, फैशन डिजाइनर चुक्स कॉलिंस, अन्नपूर्णा स्टूडियोज के सीटीओ सीवी राव, ईज माई ट्रिप के को-फाउंडर रिकांत पित्ती, एयू बैंक के एमडी संजय अग्रवाल, राज कॉमिक्स के को-फाउंडर संजय गुप्ता, एनविडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शंकर त्रिवेदी, पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज और आविष्कार के फाउंडर विनीत राय भी अपने सत्रों में शामिल होंगे।


