झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने धुर्वा निवासी 90 वर्षीय बुजुर्ग एसडीपी सिन्हा को 27.48 करोड़ रुपए का बिजली बिल दिया है। वहीं एक महिला विनिता सिंह को 1.5 करोड़ रुपए का बिजली बिल दिया है। बिजली बिल की राशि देखकर दोनों उपभोक्ता परेशान हैं। यहीं नहीं बिजली बिल देखकर बुजुर्ग एसडीपी सिन्हा की तबीयत बिगड़ गई। वहीं विनिता सिंह भी इस बिल से परेशान हैं। दोनों ने विभाग को इस संबंंध में अवगत भी कराया है। हालांकि अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। धुर्वा में दो कमरों के सरकारी फ्लैट में रहने वाले 90 वर्षीय एसडीपी सिन्हा रहते हैं। उन्हें तीन महीने का 27.5 करोड़ रुपये का बिजली बिल मिला है। वहीं धुर्वा में दो कमरों के फ्लैट में रहने वाली विनिता सिंह को भी तीन महीने का डेढ़ करोड़ रुपये का बिजली बिल मिला है। जबकि विनिता, महीने में केवल 10 दिन अपने घर में रहती हैं। इस मामले में रांची के अधीक्षण अभियंता डीएन साहू ने कहा कि कंप्यूटर ऑपरेटरों द्वारा डेटा एंट्री में गलती और स्मार्ट मीटर की नई व्यवस्था के कारण ऐसी समस्याएं सामने आ रही हैं। पुराने मीटर हटाने और नए मीटर की पंचिंग में त्रुटियों के कारण बिल गलत हो रहे हैं। दोनों उपभोक्ताओं की शिकायतों को जल्द ठीक कर लिया जाएगा।


