जेब में डाला हाथ, मना करने पर कटर मारा:गले पर 4 टांके आए, छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट के सामने की घटना, एक आरोपी गिरफ्तार दूसरा फरार

छिंदवाड़ा में गीता नगर निवासी नवीन यादव पर रविवार रात कटर से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में नवीन के गले पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। जेब में हाथ डालकर मोबाइल निकाला
घटना रविवार रात करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट के सामने की है। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि नवीन यादव अपने काम से लौटकर घर जा रहा था। इस दौरान वह सड़क किनारे एक पान ठेले पर खड़ा था। तभी दो युवक वहां पहुंचे और उससे बीड़ी मांगी। जब नवीन ने मना किया तो दोनों युवकों ने उसकी जेब में हाथ डालकर मोबाइल निकालने की कोशिश की। नवीन ने जब विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों में शामिल पुष्पराज गोदरे ने अपनी जेब से कटर (गुप्ती) निकालकर नवीन के गले पर वार कर दिया। वार गहरा होने के कारण तेजी से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पराज को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल नवीन यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके गले में 4 टांके लगाए गए हैं। नवीन का कहना है कि वह हमलावरों को पहले से नहीं जानता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुष्पराज बोन फिक्स नशे का आदी है और नशे की हालत में ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *