जेमारी से माधई चौक तक सड़क मरम्मत का हुआ शिलान्यास

भास्कर न्यूज | चित्तरंजन सलानपुर ब्लॉक के जेमारी से माधई चौक तक 8.5 किलोमीटर लंबी सड़क की मरम्मत का शिलान्यास बुधवार को हुआ। कार्यक्रम में जिला परिषद के कार्याध्यक्ष मो. अरमान और सदस्य बेबी मंडल मौजूद रहे। सड़क निर्माण पर 1 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होंगे। यह राशि जिला परिषद के कोष से दी गई है। सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी। बरसात में रास्ता लगभग बंद हो जाता था। अब मरम्मत से लोगों को राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। मो. अरमान ने कहा, विधायक बिधान उपाध्याय के नेतृत्व और जिला परिषद के सहयोग से यह कार्य शुरू हो सका। यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास की राह है। शिलान्यास समारोह में विधायक प्रतिनिधि विजय सिंह भोला, समाजसेवी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। विजय सिंह ने कहा, यह सड़क लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी। हम सब मिलकर विकास को आगे बढ़ाएंगे। जेमारी पंचायत प्रमुख ने बताया, सड़क मरम्मत की मांग लंबे समय से हो रही थी। अब कार्य शुरू होने से क्षेत्र में खुशी है। ग्रामीणों ने कहा, सड़क सुधरने से आसनसोल बाजार, अस्पताल, स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना आसान होगा। इससे खेती, व्यापार, स्वास्थ्य और शिक्षा में भी सुधार होगा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा होगा। सलानपुर में इस परियोजना को ग्रामीण विकास का मील का पत्थर माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *