शिवपुरी की सर्किल जेल में बंद दो महिलाओं पर साथ में निरुद्ध किन्नरों द्वारा लाठियों से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं के परिजनों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। ग्राम बघरा साजौर निवासी जिनेन्द्र कोली की पत्नी श्रीमती तारावती कोली और उनकी अनुजवधु प्रियंका कोली 14 मई से शिवपुरी जिला जेल में बंद हैं। आरोप है कि करीब 8-10 दिन पहले जेल में साफ-सफाई को लेकर हुए विवाद के बाद साथ में बंद दो किन्नरों ने दोनों महिलाओं पर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में महिलाएं घायल हो गईं और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। परिजनों ने शिकायत में कहा है कि घटना के बावजूद अब तक हमलावरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि किन्नरों को महिला सेल से अलग नहीं किया गया है, जिससे पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। परिजनों ने इस हमले के पीछे पुराने आपराधिक विवाद और साजिश की आशंका भी जताई है, साथ ही हमलावरों से सख्त पूछताछ की मांग की है। वहीं, जेल प्रशासन ने इस मामले पर अलग जानकारी दी है। जेल अधीक्षक रमेश चंद्र आर्य ने बताया कि कुछ दिन पहले दो महिलाओं और किन्नरों के बीच साफ-सफाई को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामले को शांत करा दिया गया था।


