कांकेर जिला जेल में महिला प्रहरियों और कर्मचारियों ने सहायक जेल अधीक्षक रेणु ध्रुव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वे कैदियों के परिजनों से पैसे लेकर मुलाकात करवाती हैं। साथ ही कैदियों को मोबाइल फोन और अन्य अमानक सामग्री भी उपलब्ध करवाती हैं। महिला कर्मचारियों ने रेणु ध्रुव के पति बाल कृष्णा चिन्नास्वामी पर भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वह रास्ते में रोककर मोबाइल नंबर मांगते हैं। अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपराधिक कार्यों में शामिल करने की कोशिश करते हैं। सफाई कर्मचारियों से घर में बर्तन धुलवाने का आरोप महिला कैदियों के बैरक में लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। सफाई कर्मचारियों को सहायक जेल अधीक्षक अपने क्वार्टर की सफाई में लगा देती हैं। कर्मचारियों से बर्तन धुलवाने के साथ बच्चों की देखभाल भी करवाती हैं। इससे जेल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच टीम गठित कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने इन आरोपों की जांच के लिए एक टीम गठित की है। एसडीएम और महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी जिला जेल में जाकर मामले की जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर सहायक जेल अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।


