जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने शुक्रवार को धौलपुर जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए जेल में बंदियों के साथ जाति के आधार पर किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करने के कड़े निर्देश दिए। सचिव ने जेल रिकॉर्ड से बंदियों की जाति का इंद्राज हटाने, रसोईघर में खाना बनाने और सफाई कार्यों में जातिगत भेदभाव पर रोक लगाने के आदेश दिए। साथ ही निर्धन बंदियों की आर्थिक सहायता के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की मूलभूत सुविधाओं जैसे भोजन, आवास, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। नए बंदियों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनके मुकदमों में पैरवी के लिए वकील संबंधी जानकारी भी ली। इस दौरान जेल अधीक्षक सुमन मीणा, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अमित कमठान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह निरीक्षण जिला सेशन एवं सत्र न्यायाधीश सतीश चंद के निर्देशन में किया गया।


