जेल में बंद युवक के नाम पर बाइक- बिजनेस लोन:7 साल बाद जेल से छूटने पर पता चला, किसी ने उसके नाम पर उठाया ढाई लाख का कर्ज

शिवपुरी करैरा थाना क्षेत्र से फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां हत्या के आरोप में वर्षों तक जेल में बंद रहे एक युवक के नाम पर बिना उसकी जानकारी और अनुमति के दो अलग-अलग लोन स्वीकृत करा लिए गए। पीड़ित युवक को इस फर्जीवाड़े का पता तब चला, जब वह जेल से रिहा होने के बाद खुद लोन लेने बैंक पहुंचा। बुधवार को युवक एसपी के पास इसकी शिकायत करने पहुंचा। क्या है पूरा मामला
करैरा वार्ड क्रमांक 15 निवासी विजय साहू पुत्र बद्री प्रसाद ने बताया कि वह 10 जनवरी 2017 से 22 अगस्त 2024 तक करीब 7 साल 7 महीने जेल में बंद रहा। जेल से बाहर आने के बाद आर्थिक हालात खराब होने पर वह ग्रामीण बैंक में लोन के लिए गया, लेकिन वहां बैंक मैनेजर ने उसे बताया कि उसके नाम से पहले ही दो लोन चल रहे हैं। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार पहला लोन 58 हजार 543 रुपये का टू-व्हीलर बाइक लोन है, जिसे 4 अप्रैल 2024 को पास किया गया। वहीं दूसरा लोन 2 लाख 50 हजार रुपये का बिजनेस लोन है, जो 20 दिसंबर 2017 को स्वीकृत हुआ था। विजय साहू का कहना है कि उसने न तो इन लोनों के लिए कभी आवेदन किया और न ही किसी को इसके लिए अधिकृत किया। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई है। उसने फर्जी तरीके से पास किए गए दोनों लोनों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने नाम से दर्ज गलत लोन रिकॉर्ड से हटवाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *