कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के साहेबडीह में जुलाई में हुई लूट का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों और लूटे गए जेवर खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि साहेबडीह के शंकर प्रसाद वर्मा के घर में हुई डकैती में शामिल कुछ अपराधी कटहाडीह मैदान के आस-पास देखे गए थे। डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने छापेमारी कर तीन अपराधियों को पकड़ा। अपराधियों को जेवरों के बदले 1 लाख 18 हजार रुपए दिए थे पूछताछ में अपराधियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर गया के गुरारू स्थित देवी ज्वेलर्स के मालिक रंधीर कुमार को गिरफ्तार किया गया। रंधीर ने लूटे गए जेवर खरीदने की बात मानी। उसने अपराधियों को जेवरों के बदले 1 लाख 18 हजार रुपए दिए थे। एसपी ने बताया कि इस घटना को कुल 7 अंतरराज्यीय अपराधियों ने अंजाम दिया था। अभी तक 3 अपराधी और जेवर खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार हुए हैं। बाकी 4 अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। ये हुए हैं गिरफ्तार इस घटना को अंजाम देने वालों में तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमो निवासी मो. इसराफिल उर्फ गुड्डू मियां, विष्णुपथ (गया) निवासी राजेश बासफोर, कुंडी नवादा (गया) निवासी राजेश पासवान और जेवर दुकान के मालिक शामिल थे। इन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, उनके पास से सहोरी किया हुआ 394 ग्राम चांदी, 597 ग्राम चांदी के जेवरात, 6.85 ग्राम सोना सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं। बताते चलें कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनके खिलाफ झारखंड व बिहार के अलग अलग थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।


